भगतपुर में लौह पुरुष की 151वीं जयंती पर भव्य समारोह, कुर्मी क्षत्रिय समाज को 55 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात

कबीरधाम/पंडरिया, 31 अक्टूबर 2026। देश की एकता और अखंडता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम भगतपुर में जिला कुर्मी क्षत्रिय समाज द्वारा भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पाण्डेय और पंडरिया विधायक भावना बोहरा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण, सामाजिक एकता और अखंड भारत के निर्माण में सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद किया।

55 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा
समारोह के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सामाजिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा सीसी रोड एवं डोम निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं विधायक भावना बोहरा ने अटल चौक के पास पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापना और सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस प्रकार क्षेत्र के विकास के लिए कुल 55 लाख रुपये की सौगात मिली।
कार्यक्रम में कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, छत्तीसगढ़ कुर्मी क्षत्रिय समाज के दुर्ग संभाग मंत्री नंदलाल चंद्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगरपालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सरदार पटेल का योगदान राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत : विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता के समय देश के सामने अनेक चुनौतियां थीं। सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व के बल पर 550 से अधिक रियासतों के भारत में एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों ने एक मजबूत और एकजुट राष्ट्र की नींव रखने में अहम योगदान दिया।
उन्होंने गुजरात में स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्मारक सरदार पटेल के व्यक्तित्व, संकल्प और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण की याद दिलाता है।
उप मुख्यमंत्री ने छत्रपति शिवाजी महाराज के साहस और संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के महान ऐतिहासिक व्यक्तित्वों का जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कृषि और सामाजिक एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि कुर्मी समाज की पहचान कृषि परंपरा से जुड़ी रही है। किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों, विविध फसलों और बेहतर उत्पादन तकनीकों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने युवाओं और समाज के प्रबुद्धजनों से संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने तथा समाज की उन्नति के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
सामाजिक एकता ही विकास की सबसे बड़ी ताकत : संतोष पाण्डेय
सांसद संतोष पाण्डेय ने सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने देश की एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका जीवन राष्ट्रहित, दृढ़ संकल्प और मजबूत नेतृत्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकजुटता और सकारात्मक नेतृत्व से समाज को नई दिशा मिलती है। देश के महान महापुरुषों का योगदान सदैव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
एकजुटता से समाज और युवा पीढ़ी को मिलेगी नई दिशा : भावना बोहरा
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल देश की एकता और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। उन्होंने रियासतों के एकीकरण में ऐतिहासिक भूमिका निभाकर अखंड भारत के निर्माण को मजबूती प्रदान की।
उन्होंने कहा कि सामाजिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। समाज के सभी लोगों को एकजुट होकर युवाओं के बेहतर भविष्य, शिक्षा, विकास और सामाजिक उन्नति के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
समारोह में सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने, सामाजिक एकता को मजबूत बनाने और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का संदेश दिया गया।
