रायपुर प्रेस क्लब में हवाई फायरिंग और धमकी का मामला, आरोपी पलाश तिवारी गिरफ्तार

पिस्तौल, एक खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद; कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी

रायपुर, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोतीबाग स्थित प्रेस क्लब परिसर में हवाई फायरिंग और धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रेस क्लब पदाधिकारियों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कथित तौर पर घटना में इस्तेमाल की गई पिस्तौल, एक खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

प्रेस क्लब परिसर में हुई घटना

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे मोतीबाग स्थित प्रेस क्लब परिसर में पिस्तौल से हवाई फायरिंग करने और धमकी देने की शिकायत सामने आई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने थाना कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई

शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 410/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और 351(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया।

पिस्तौल और कारतूस बरामद

पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल, एक खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है। घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply